सहकारिता क्षेत्र में हरियाणा के नवाचार अपनाएगा उत्तराखंड : धन सिंह रावत - Shaurya Mail

Breaking News

सहकारिता क्षेत्र में हरियाणा के नवाचार अपनाएगा उत्तराखंड : धन सिंह रावत

 सहकारिता क्षेत्र में हरियाणा के नवाचार अपनाएगा उत्तराखंड : धन सिंह रावत

उत्तराखंड/चंडीगढ़, बुधवार 05 अगस्त 2026

उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में हरियाणा के नवाचारों, पारदर्शी कार्यप्रणाली और डिजिटल बैंकिंग के अनुभवों को उत्तराखंड में अपनाया जाएगा। दोनों राज्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए अनुभवों और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे।

धन सिंह रावत ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल सेवाओं तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना के तहत किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि सहकारिता आधारित कृषि क्षेत्र में यह योजना प्रभावी परिणाम दे रही है।

सहकारिता मंत्री ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बैंक नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. रावत के नेतृत्व में राज्य ने नवाचार, पारदर्शिता और किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल पहलों को अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।

बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, किसानों के लिए संचालित योजनाओं तथा सहकारी बैंकिंग को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया।

बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा, प्रबंधक जसपाल पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!