मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, भाजपा घर-घर पहुंचाएगी सेवा कार्यक्रम
उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 30 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान को उत्तराखंड में घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में किया गया। रविवार काे हरिद्वार रोड कुआंवाला स्थित निजी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से बेहतर अवसर नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण और शरीर का एक-एक कण राष्ट्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि देश सौभाग्यशाली है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण, किसानों के सम्मान और युवाओं के अवसरों के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। प्रधानमंत्री के प्रत्येक निर्णय में देशहित सर्वोपरि रहा है और यही कारण है कि भाजपा उनके जन्मदिन को सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से मनाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सभी कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाना है। इसके लिए प्रधानमंत्री का जन्मदिन सबसे बेहतर अवसर है।
मुख्यमंत्री ने समसामयिक राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते विपक्ष को वंदे मातरम गाने पर आपत्ति है। राष्ट्रगीत वंदे मातरम देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और देश इसे सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ गाता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां भारत माता की स्तुति नहीं होगी तो फिर कहां होगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज देहरादून आए और युवाओं के रोजगार तथा नकल माफिया को लेकर कई बातें कहीं, लेकिन उनमें सौ फीसदी झूठ था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। नकल माफिया का जिक्र करने वालों को यह भी बताना चाहिए कि पिछली सरकारों में पोषित रहे कई माफिया आज जेल की सलाखों के पीछे हैं।
हल्द्वानी की घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में कथित तौर पर गंदगी फैलाए जाने और नारेबाजी के मामले पर विपक्ष कुछ नहीं बोलता, लेकिन सनातन को बांटने वाला झूठ जरूर बोलता है।
अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन और कार्यशैली से स्थापित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि सेवा के इस अभियान में भी उत्तराखंड भाजपा संगठन देश में अग्रणी रहेगा। राज्य में अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से होगी, जबकि देशभर में यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवनचर्या और व्यवहार से साबित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। इसी भावना के अनुरूप भाजपा संगठन ने उनके जन्मदिन को सेवा के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाया जाए और जन-जन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत और विकसित भारत आकार ले रहा है तथा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
चहल ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा संगठन राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यक्षमता के लिए जाना जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा संकल्प अभियान प्रदेश में जन-जन तक सकारात्मक संदेश पहुंचाएगा।
सेवा का संकल्प लेकर घर-घर पहुंचें : महेंद्र भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 25 वर्ष गरीबों की चिंता और कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करने, महिलाओं को सशक्त करने और गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। भट्ट ने कहा कि सबसे अच्छा उत्सव सेवा का उत्सव होता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को सेवा का संकल्प लेकर अभियान को प्रभावी बनाना चाहिए और प्रधानमंत्री का जन्मदिन जनता के बीच सेवा कार्य करते हुए मनाना चाहिए।
पीएम के नेतृत्व में साकार हो रहा विकसित भारत : टम्टा
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जिस विकास और वातावरण का सपना देश देखता था, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार होता नजर आ रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना से परिपूर्ण प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने गरीबी हटाने का नारा दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी को देश से दूर करने के लिए ठोस प्रयास किए हैं।
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने एक माह तक चलने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। अभियान के तहत प्रदेश में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दिया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, मोहन बिष्ट, महंत दिलीप रावत, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत, अभियान सह-संयोजक नलिन भट्ट सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी तथा प्रदेश एवं जिला स्तर की अभियान टोली के पदाधिकारी मौजूद रहे।