महानगर दक्षिण में 40 स्थानों पर निकला पथ संचलन
उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 20 अक्टूबर 2026
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महानगर दक्षिण की ओर से विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को 40 स्थानों पर पथ संचलन आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में करीब 3,200 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। सभी स्थानों पर पथ संचलन के साथ शस्त्र पूजन भी किया गया।
महानगर कार्यवाह सतेन्द्र ने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से सहभागिता की। उन्होंने कहा कि संघ की परंपरा में विजयदशमी का विशेष महत्व है। इस अवसर पर शस्त्र पूजन के माध्यम से राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्यों का स्मरण किया जाता है, जबकि पथ संचलन अनुशासन, एकजुटता और संगठन के भाव को प्रदर्शित करता है।
महानगर दक्षिण के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
संघ की ओर से विजयदशमी उत्सव को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया गया। इस दौरान राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।