दूरस्थ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग - Shaurya Mail

Breaking News

दूरस्थ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग

 दूरस्थ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग

उत्तराखंड(गोपेश्वर),गुरुवार 08 अक्टूबर 2026

चमोली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट और नगर पालिका गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत ने कहा कि गंभीर बीमारी, सड़क दुर्घटना और अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में चमोली के मरीजों को ऋषिकेश, देहरादून समेत बड़े चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता है।

जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से इन चिकित्सा केंद्रों की दूरी करीब 300 किलोमीटर तक होने के कारण गंभीर मरीजों को समय पर विशेषज्ञ और ट्रॉमा उपचार उपलब्ध कराने में कठिनाई होती है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चमोली में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल और तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार से जिले से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिल सकती है।

नेताओं ने कहा कि चमोली सीमांत जिला है और यहां बड़ी संख्या में युवा सेना में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में जिले में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि सहित स्थानीय स्तर पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री से शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, पूर्व प्रमुख एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नंदन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णमणि थपलियाल और पूर्व बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर सिंह पंवार समेत अन्य नेता शामिल रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!