अग्निवीर भर्ती रैलियों के सुचारू संचालन पर सेना और उत्तराखंड सरकार में समन्वय बैठक - Shaurya Mail

Breaking News

अग्निवीर भर्ती रैलियों के सुचारू संचालन पर सेना और उत्तराखंड सरकार में समन्वय बैठक

 अग्निवीर भर्ती रैलियों के सुचारू संचालन पर सेना और उत्तराखंड सरकार में समन्वय बैठक

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 11 जुलाई 2026

अग्निवीर भर्ती वर्ष-2027 की प्रस्तावित भर्ती रैलियों के सुचारू संचालन और समन्वय को लेकर शुक्रवार को सेना और उत्तराखंड सरकार के बीच राज्य सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई।

बैठक में भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल मनीष कुमार (वाईएसएम, एसएम) ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और गृह सचिव शैलेश बागौली के साथ भर्ती रैलियों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक और समन्वय संबंधी तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) देश की सबसे बड़ी भर्ती योग्य आबादी वाले क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभालता है। ऐसे में विशेषकर पर्वतीय और दूरस्थ जिलों में भर्ती रैलियों के दौरान स्थानीय प्रशासन की भूमिका रसद,आधारभूत सुविधाओं और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है।

मेजर जनरल मनीष कुमार ने कहा कि अग्निवीर भर्ती अभियान केवल युवाओं के चयन तक सीमित नहीं है,बल्कि उनमें राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना विकसित करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सशस्त्र बलों में उत्तराखंड की महिला अभ्यर्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने जून 2026 में आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) के सफल संचालन में राज्य सरकार की ओर से दिए गए प्रशासनिक सहयोग की सराहना की।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राज्य सरकार की ओर से भविष्य में भी भर्ती प्रक्रिया के दौरान हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सक्षम और योग्य युवाओं का चयन सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!