अमित शाह के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने परेड ग्राउंड पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 05 नवंबर 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य स्थापना दिवस समारोह और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून आएंगे। कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।