चारधाम यात्रा 2026 : सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

चारधाम यात्रा 2026 : सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के निर्देश

 चारधाम यात्रा 2026 : सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 27 फरवरी 2026

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम,गतिशील और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सचिव सचिन कुर्वे को केदारनाथ–बद्रीनाथ मार्ग पर सभी चिकित्सालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को निर्बाध एवं संतुलित वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन एवं पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ अथवा आकस्मिक परिस्थितियों की सूचना यात्रियों को व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एक सप्ताह में इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

आपात स्थिति में यात्रा रोकने की दशा में अवधि एवं स्थान निर्धारण का दायित्व आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय को सौंपा गया। यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों,उपकरणों और संसाधनों की अग्रिम तैनाती और परिसंपत्तियों की मैपिंग के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित उपयोग सुनिश्चित हो सके। पशुपालन विभाग को यात्रा मार्ग पर पशुधन के पंजीकरण, उपचार एवं आकस्मिक स्थिति में निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली विकसित करने, स्पष्ट साइनेज लगाने और यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी चमोली,रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी को स्थानीय स्तर पर सभी विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को कहा गया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु,अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!