Breaking News

पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को किसी भी हाल में छीनने नहीं देंगे : प्रधानमंत्री मोदी

 पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को किसी भी हाल में छीनने नहीं देंगे : प्रधानमंत्री मोदी

झारखंड(पलामू),शनिवार 04 मई 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वे संविधान को आंच नहीं आने देंगे। पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को किसी हाल में छीनने नहीं देंगे। प्रधानमंत्री ने जनसभा में उमड़ी भीड़ देखकर कहा कि आप लोगों ने जेएमएम-कांग्रेस को दिन में ही तारे दिखा दिए। साथ ही उन्होंने लोगों को वोट की ताकत भी बताई। वे शनिवार को राज्य के पलामू जिला मुख्यालय डालटनगंज के चियांकी हवाई अड्डे पर चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

पीएम मोदी ने कहा कि आपके एक वोट से 500 वर्ष बाद राम मंदिर बना। जम्मू-कश्मीर में आपके एक वोट से 370 हट गया। नक्सलवाद खत्म हुआ। इसी तरह एक वोट से 2014 में महाभ्रष्ट कांग्रेस सरकार का सफाया हो गया। आप अपने एक वोट की ताकत को समझिए और हमेशा देशहित की सोच रखने वाली पार्टी को सपोर्ट कीजिए। उन्होंने 13 मई को पहले मतदान फिर जलपान की बात कही। यह भी कहा कि गर्मी कितनी भी पड़े लेकिन आप वोट के लिए घर से जरूर निकलिए। घर-घर जाइए और मतदाताओं से मिलिए। इस दिन अपना बूथ जीतिए। छोटी-छोटी यात्राएं निकाल कर उत्सव की तरह मतदान केन्द्र तक जाएं, तभी लोकतंत्र की मजबूती कायम रहेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले पाकिस्तान ने आतंक मचा रखा था लेकिन आज का नया भारत घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने पाकिस्तान को हिला दिया। पहले झारखंड-बिहार के नौजवान हमेशा शहीद होते थे। आतंकवाद के डर से कांग्रेस सरकार दुनिया में जाकर रोती थी। आज पाकिस्तान पूरी दुनिया में जाकर रो रहा है। पाकिस्तान दुआ कर रहा है कि कांग्रेस के शहजादे पीएम बनें लेकिन पूरा भारत चाहता है कि मजबूत सरकार बने और मोदी सरकार बने।

पीएम मोदी ने कहा कि जिसने मां को धुएं में खांसते नहीं देखा वो गरीबी क्या जाने? जिसने लोटा भर पानी पीकर मां को भूख मिटाते नहीं देखा, वो गरीबी क्या जानेगा? शौचालय के अभाव में पीड़ा और अपमान नहीं देखा वो मोदी की आंसुओं का मर्म नहीं समझेंगे। कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि उन्होंने अपने घर में कई प्रधानमंत्री देखे। वे चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। दलित, आदिवासी के साथ फोटो खिंचवाते हैं और उनका मजाक उड़ाते हैं। कांग्रेस के लोग मोदी की आंसुओं में अवसर ढूंढते हैं। कहते हैं मोदी की आंखों में आंसू अच्छे लगते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि पलामू को पिछड़ा जिला कहकर कोई बढ़िया अधिकारी यहां आना नहीं चाहता था। कांग्रेस सरकार इस जिले को हीन भावना से देखती थी लेकिन उन्होंने पलामू को आकांक्षी जिला बनाकर विकास के पैमाने पर लाकर खड़ा किया। पहले 100 में 14 ऐसे लोग थे, जिनके पास पक्के मकान थे। आज करीब-करीब सबके पक्के मकान हैं। यदि किसी के कच्चे मकान रह गए हैं तो उनके नाम और पते लिखकर भेज दीजिएगा। तीसरे कार्यकाल में पक्का मकान बना दिया जायेगा। इसकी गारंटी आप लें। आप सब में मोदी है।
मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस दलित, पिछड़े एवं आदिवासियों का आरक्षण मुसलमानों को देना चाहती है। जबतक मोदी जिंदा है तबतक धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जायेगा। आरक्षण को हम जाने नहीं देंगे। संविधान को छेड़छाड़ कर बदलने नहीं देंगे। मैं पहला प्रधानमंत्री हूं जो भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली गया। वर्ष 2025 में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती हिन्दुस्तान के हर कोने में जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जायेगा।

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि झारखंड में भाजपा-आजसू के साथ पूरी मजबूती से लोकसभा चुनाव लड़ रही है। पलामू से विष्णु दयाल उम्मीदवार हैं। 13 मई को उन्हें जिताने एवं केन्द्र में मोदी की तीसरी बार सरकार बनाने के लिए भाजपा को वोट दें। वीडी राम इतने सरल हैं कि इन्हें देखकर कोई नहीं कहता कि वे डीजीपी भी रह चुके हैं। जब भी परिचय कराता हूं तो लोग मानने को तैयार नहीं होते।

उल्लेखनीय है कि पीएम की जनसभा में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और सुरक्षाकर्मी चप्पे-चप्पे तैनात रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!