विद्या भारती प्रतिभा सम्मान समारोह : मुख्यमंत्री धामी ने किया विद्यार्थियों को सम्मानित
उत्तराखंड(हरिद्वार),सोमवार 27 जुलाई 2026
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड के तत्वावधान में रुड़की के आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में साेमवार काे प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। विद्यार्थियों की सफलता सिद्ध करती है कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगा और भविष्य में हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा देकर देश में संस्कार की नींव रखी है। 1952 में गोरखपुर से शुरू हुआ सरस्वती शिशु मंदिर आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। वर्तमान में विद्या भारती देशभर में 13 हजार औपचारिक और 12 हजार अनौपचारिक विद्यालयों के जरिए 45 लाख विद्यार्थियों को शिक्षा दे रही है। उत्तराखंड में विद्या भारती के 562 विद्यालयों में सवा लाख छात्र पढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा को आधुनिक और रोजगारपरक बनाया। स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क किताबें, जूते-बैग, मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, मॉडल कॉलेज, आईटी लैब और ‘कौशलम्’ कार्यक्रम संचालित हैं। युवाओं के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया। पिछले 5 वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिली। यूपीएससी, एनडीए, सीडीएस के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा पास करने पर 50 हजार की सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि वे भारत के वर्तमान और भविष्य हैं। उनके ज्ञान और राष्ट्रभक्ति से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय में नवनिर्मित शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया।
इससे पूर्व सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुए समारोह में विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने विद्या भारती के राष्ट्रीय परिदृश्य पर उभरते चित्र और विविध क्षेत्रों में विद्या भारती की उपलब्धियां का वर्णन किया।
विद्या भारती उत्तराखंड के प्रांतीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने कहा किउत्तराखंड में विद्या विद्या भारती के अंतर्गत 563 विद्यालय संचालित हो रहे हैं।जिनमे सवा लाख से ज्यादा विद्यार्थी अध्यनरत है और 5000 शिक्षक शिक्षिकाएं इन विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में वर्ष 2026 में विद्या भारती के 112 विद्यार्थियों ने टॉप 25 में मेरिट में स्थान बनाया है। इन विद्यार्थियों को आज मुख्यमंत्री के द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया। समारोह की अध्यक्षता रुड़की आईआईटी के निदेशक प्रोफेसर कमल किशोर पंत ने की, जबकि संचालन विद्या भारती के संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल ने किया।