मन की बात को धरातल पर उतारने में अग्रणी है उत्तराखंड : महेंद्र भट्ट
उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 27 सितंबर 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रविवार को डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 135 पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को धरातल पर उतारने में उत्तराखंड अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सामने रखते हैं। उनके विचार समाज को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन और नशामुक्त भारत के निर्माण से जुड़े जिन विषयों पर प्रधानमंत्री ने संदेश दिया है, उन क्षेत्रों में उत्तराखंड में पहले से ही विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों के साथ व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। इससे पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता के संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल रही है।
भट्ट ने कहा कि केदारनाथ-बद्रीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन और स्थानीय लोक संस्कृति के संरक्षण जैसे प्रयासों से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ स्थानीय परंपराओं एवं लोक संस्कृति के संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राथमिकता दी है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और नशे के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधानों को लागू किया जा रहा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा स्वच्छ, हरित और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, ऋषिकेश जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल, मंडल अध्यक्ष रश्मि देवी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।