जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 25 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक व्यक्ति को उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
धामी ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री कैप्टन (सेनि.) गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली, रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, खटीमा नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।