लोकतंत्र का गला घोटने वाले आज हाथ में संविधान की प्रति लेकर ड्रामा कर रहे हैं : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

लोकतंत्र का गला घोटने वाले आज हाथ में संविधान की प्रति लेकर ड्रामा कर रहे हैं : महेंद्र भट्ट

 लोकतंत्र का गला घोटने वाले आज हाथ में संविधान की प्रति लेकर ड्रामा कर रहे हैं : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 27 जून 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ओम बिरला के लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने पर भ्रम फैलाने वालों ने ही 50 वर्ष पहले आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया था।

महेंद्र भट्ट ने बुधवार को ओम बिरला को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने इस जीत को जनमत पर संसद की पहली मुहर बताया। साथ ही विपक्ष पर तंज किया कि कल तक लोकतंत्र की नैतिक परंपराओं को दरकिनार कर अपना उम्मीदवार खड़ा करने वालों की पोल आज खुलने से बच गई। अन्यथा अध्यक्ष चुनाव में वोटिंग होती तो इंडी गठबंधन की संख्या 235 से घटकर 200 से नीचे भी जाना तय था। उन्होंने कहा कि अब तो राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी नेताओं को चुनावों में मिली अपनी हार स्वीकार करते हुए सदन में रचनात्मक सहयोग देना चाहिए।

उन्होंने सदन के अंदर लोकसभा अध्यक्ष की ओर से आपातकाल की निंदा का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और सम्मान के लिए देशवासियों के सामने लोकतंत्र कुचलने की कोशिशों की चर्चा बेहद आवश्यक है। जो लोग संविधान और लोकतंत्र समाप्त होने का भ्रम फैलाकर अपनी राजनैतिक रोटियां सेक रहे हैं, उनको भी अहसास होना चाहिए कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति का गला घोटना कैसा होता है। लेकिन आपातकाल के काले इतिहास पर सदन में चर्चा से उन्हें अपनी पोल खुलने का अहसास था। यही वजह है कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर लोकतंत्र के मंदिर में इमरजेंसी पर चर्चा और इस दौरान जान गंवाने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देने के बजाय विपक्ष को हंगामा करना उचित लगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें मालूम था कि संविधान की जिन प्रतियों को वे अपने साथ लेकर चल रहे हैं, उनका सर्वाधिक अपमान और समाप्त करने की कोशिश तो स्वयं उनकी सरकारों ने 50 वर्ष पहले आपातकाल लागू कर किया था। आपातकाल लागू करने के पाप की दोषी, कांग्रेस के सांसदों ने सदन में हंगामा किया। उन्होंने कटाक्ष किया कि संविधान बचाने का ड्रामा करने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!