हरियाणा के युवाओं ने मुख्यमंत्री धामी से साझा किए उत्तराखंड भ्रमण के अनुभव
उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 03 अक्टूबर 2026
हरियाणा से उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। युवाओं ने राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
युवाओं ने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में कार्य हुआ है। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के विस्तार, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी सराहना की। युवाओं के अनुसार होम-स्टे को बढ़ावा देने से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के प्रयासों को भी उन्होंने उपयोगी बताया।
युवाओं ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया। युवाओं ने उत्तराखंड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न राज्यों में किए जा रहे नवाचारों और विकास की कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और अन्य वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं। पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। समान नागरिक संहिता, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने भ्रमण के अनुभव सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं। राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
धामी ने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का माध्यम है। इससे हरियाणा और उत्तराखंड के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।