उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम प्रबन्ध परिषद की बैठक में ‘ग्राम से ओलंपिक’ विज़न पर जोर - Shaurya Mail

Breaking News

उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम प्रबन्ध परिषद की बैठक में ‘ग्राम से ओलंपिक’ विज़न पर जोर

 उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम प्रबन्ध परिषद की बैठक में ‘ग्राम से ओलंपिक’ विज़न पर जोर

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 21 फ़रवरी 2026

उत्तराखण्ड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रबन्ध परिषद की प्रथम बैठक शनिवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में ‘ग्राम से ओलंपिक’ विज़न पर जोर दिया गया। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अवस्थापना संबंधी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति अमित कुमार सिन्हा ने विश्वविद्यालय की स्थापना, प्रस्तावित पाठ्यक्रमों, मानव संसाधन, प्रशासनिक ढांचे तथा बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। शिक्षण एवं प्रशासनिक पदों के सृजन के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करते हुए औचित्य सहित प्रस्ताव शासन को भेजे जाने पर सहमति बनी।

बैठक में अवगत कराया गया कि विश्वविद्यालय की परिकल्पना वर्ष 2022 में की गई थी। इसका अधिनियम मार्च 2025 में पारित हुआ तथा 5 मई 2025 को राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई। विश्वविद्यालय का मुख्यालय गौलापार, हल्द्वानी में स्थापित है, जिसे “मिशन ओलंपिक 2036” के लक्ष्य के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित न रहकर उत्कृष्ट खेल संस्कृति के निर्माण का केंद्र बने। उन्होंने “ग्राम से ओलंपिक” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन पर विशेष जोर दिया। साथ ही अन्य खेल विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) कर प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में कुलसचिव डॉ. आशीष चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर सचिव नवनीत पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!