कुंभ और कांवड़ यात्रा से पहले एनएचएआई को सख्त चेतावनी - Shaurya Mail

Breaking News

कुंभ और कांवड़ यात्रा से पहले एनएचएआई को सख्त चेतावनी

 कुंभ और कांवड़ यात्रा से पहले एनएचएआई को सख्त चेतावनी

उत्तराखंड(हरिद्वार),गुरुवार 25 जून 2026

आगामी कुंभ मेले और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर सख्त रुख अपनाया है। मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में संचालित सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को संसाधनों और मशीनरी की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ निर्माण सामग्री के परिवहन के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग तथा हरिद्वार क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों सहित एनएचएआई की विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और लोगों को जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सोनिका ने कहा कि हरिद्वार आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निर्माण कार्यों के चलते ट्रैफिक संचालन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जो आगामी धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत चिंता का विषय है। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को निर्देशित किया कि वे स्वयं कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करें और परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी रखें। उन्होंने विशेष रूप से जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि निर्माण कार्यों के कारण किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कार्यों में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा प्रबंधन को भी प्रमुखता से उठाया गया। मेलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधार कार्य कराने, पर्याप्त संकेतक लगाने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने परियोजनाओं के अंतर्गत सौंदर्यीकरण, हरित आवरण बढ़ाने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैठक में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिन क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आवागमन होगा, वहां एनएच परियोजनाओं से जुड़े सभी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन संबंधी कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या यातायात बाधित होता है तो संबंधित परियोजना अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, एनएचएआई रुड़की के परियोजना निदेशक विशाल गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!