स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल का शीघ्र होगा गठन - Shaurya Mail

Breaking News

स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल का शीघ्र होगा गठन

 स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल का शीघ्र होगा गठन

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 12 जुलाई 2024

शीघ्र ही नेशनल कामिशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन एक्ट के तहत स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल का गठन किया जायेगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर राज्य कैबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश दे दिये गये हैं। जिसके गठन के उपरांत राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आयेगा।

गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने नेशनल कामिशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन एक्ट तहत राज्य में स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल के शीघ्र गठन के निर्देश अधिकारियों को दिये। जिसमें अध्यक्ष सहित कुल 30 सदस्य होंगे। इनमें सात पूर्णकालिक व 22 अंशकालिक सदस्य रहेंगे।

मंत्री ने कहा कि राज्य में उक्त काउंसिल के गठन से जहां एक ओर स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार आयेगा वहीं समयबद्ध स्वास्थ्य व्यवसायियों के लिये नये अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा पैरामेडिकल क्षेत्रों में भी उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। इसके साथ ही प्रदेशभर के सभी चिकित्सा व्यवसायियों को परिषद में पंजीकरण कराना होगा और चिकित्सा शिक्षण संस्थानों को स्थापना से पूर्व परिषद की अनुमति लेनी अनिवार्य होगी।

विभागीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को टीबी मुक्त बनाने के दृष्टिगत राज्य के घनी आबादी वाले पांच जनपदों में घर-घर अभियान चला कर टीबी रोग की जांच कराई जायेगी। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को रोड़मैप तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं। इसी प्रकार मानसून सीजन को देखते हुये प्रदेश के संभावित जनपदों में डेंगू एवं अन्य जल जनित रोगों के रोकथाम के लिये विशेष अभियान चलाकर आम लोगों को जागरूक किया जायेगा। जिसके लिये सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों व नोडल अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने जिला अस्पतालों एवं उप जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। जिसके तहत जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सहित आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीज, पैथौलॉजी की उचित व्यवस्था करने को कहा है। इसके अलावा उप जिला चिकित्सालयों में भी स्वीकृत पदों के सापेक्ष डॉक्टर्स एवं पैरामेडिकल स्टॉफ के साथ ही अल्ट्रासाउंड व एक्सरे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!