गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं : धामी - Shaurya Mail

Breaking News

गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं : धामी

 गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं : धामी

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 25 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का अनुपम संदेश देता है तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

श्री धामी ने यहां त्यागी रोड स्थित एक होटल में संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ की प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों से समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और विचारों से होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का संत रविदास का संदेश आज भी समाज को समरसता और मानवता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा समानता और सामाजिक न्याय पर आधारित आदर्श समाज की परिकल्पना प्रस्तुत करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। राज्य सरकार भी अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सामाजिक समानता, न्याय और सद्भाव को मजबूत करना है।

श्री धामी ने कार्यकर्ताओं से ‘समरसता संकल्प अभियान’ को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि चौपालों, संवाद कार्यक्रमों और जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से संत रविदास के प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उन्होंने समाज को विभाजित करने वाली प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को पूरा करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, कार्यक्रम सयोंजक एंव प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज,प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा -अनुसूचित जाति मोर्चा एंव राज्यमंत्री बलबीर घुनियाल,स्वराज विद्वान सहित प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!