खेल मंत्री ने खेल यूनिवर्सिटी के लिए भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द पूरा करने के दिए निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

खेल मंत्री ने खेल यूनिवर्सिटी के लिए भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

 खेल मंत्री ने खेल यूनिवर्सिटी के लिए भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 07 जून 2024

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश को जल्द खेल विश्वविद्यालय की सौगात मिलेगी। मंत्री ने खेल विश्वविद्यालय के निर्माण के संबंध में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को अधिकारियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

सचिवालय में खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश में प्रस्तावित प्रथम खेल विश्वविद्यालय परिसर के चयनित भूमि हस्तान्तरण के सम्बन्ध में मुख्य सचिव और उच्चाधिकारियों के साथ गतिमान कार्यवाही, आगामी कार्य योजना, प्रगति तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की।

इस दौरान अधिकारियों की ओर से हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय निर्माण की भूमि हस्तान्तरण के संबंध में अवगत कराया गया।

खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि खेल यूनिवर्सिटी के निर्माण के संबंध में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। साथ ही सीए लैंड के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सीए लैंड के अन्य विकल्पों को ढूंढा जाए। साथ ही खेल मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि 100 एकड़ भूमि यदि उधमसिंह नगर,नैनीताल जनपद में प्राप्त होती है तो उस दिशा में भी कार्य करें।

उन्होंने कहा कि हमारा पूर्ण प्रयास है कि हम राष्ट्रीय खेलो के आयोजन से पूर्व खेल विश्वविद्यालय की भूमि का भूमिपूजन करते हुए उसका निर्माण कार्य प्रारंभ कर दें। साथ ही कहा कि यह राज्य के लिए बड़ी ही खुशी की बात है कि राज्य में पहला खेल विश्वविद्यालय बनेगा जिसका लाभ राज्य के युवाओ को प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय बनने से यहां अनेक प्रकार की खेल गतिविधियां संचालित होंगी।कहीं ना कही निकट भविष्य में राज्य के युवाओ के लिए यह यूनिवर्सिटी एक मील का पत्थर साबित होगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ,खेल सचिव अमित सिन्हा,खेल निदेशक जितेंद्र सोनकर सहित उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!