स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान, खिर्सू में सड़क परियोजना का लोकार्पण
उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),मंगलवार 09 जून 2026
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के पहले दिन श्रीनगर और खिर्सू क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया, वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की व खिर्सू क्षेत्र में सड़क परियोजना का लोकार्पण किया।
श्रीनगर के बूथ संख्या-98 में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान मंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ सफाई कार्य किया। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जुड़ा सतत अभियान बताते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया। इसके बाद खिर्सू स्थित घंडियाल मंदिर परिसर में आयोजित वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित वातावरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान मंत्री ने सकन्याणा-मल्ला मोटर मार्ग के लगभग 1.7 किलोमीटर डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 1.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर दिनेश पटवाल, प्रकाश सती, सूर्य प्रकाश नौटियाल, दिनेश उनियाल, जगमोहन सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी, जबर सिंह, विजयलक्ष्मी रतूड़ी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।