तमक नाले मे लापता बीआरओ के चालक पंकज की तलाश मे जुटी रेसक्यू टीमें - Shaurya Mail

Breaking News

तमक नाले मे लापता बीआरओ के चालक पंकज की तलाश मे जुटी रेसक्यू टीमें

 तमक नाले मे लापता बीआरओ के चालक पंकज की तलाश मे जुटी रेसक्यू टीमें

उत्तराखंड(ज्योतिर्मठ),रविवार 16 अगस्त 2026

जोशीमठ ब्लॉक के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में आए बीआओ के वाहन चालक पंकज की खोजबीन के लिए जिला प्रशासन के निर्देशन में युद्धस्तर पर रेस्क्यू एवं सर्च अभियान चलाया जा रहा है, प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन एवं गढ़वाल राइफल्स सहित विभिन्न रेस्क्यू टीमें मौके पर तैनात हैं और नाले के आसपास संभावित स्थानों पर लगातार सघन खोजबीन की जा रही है। घटना में सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं एवं अन्य संभावित स्थानों को चिन्हित कर सर्च अभियान चला रही हैं।

लापता व्यक्ति की तलाश में दो 20 टन क्षमता के एक्सकेवेटर, एक 7 टन एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के 25 से अधिक जवान तथा 123 इकाई के 20 से अधिक जवान जुटे हुए हैं। इसके साथ ही दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें भी अभियान में सक्रिय हैं। दुर्गम क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी और सर्चिंग के लिए ड्रोन की भी सहायता ली जा रही है। रेस्क्यू अभियान के दौरान भारी बोल्डरों एवं मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि उसके नीचे अथवा आसपास किसी भी संभावित स्थान की गहनता से जांच की जा सके। रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास एक-एक स्थान को बारीकी से खंगाल रही हैं और मलबे, बोल्डरों, जलधारा तथा किनारों सहित हर संभावित जगह पर सघन खोजबीन की जा रही है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है तथा मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता लापता व्यक्ति की जल्द से जल्द खोजबीन कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। रेस्क्यू एवं सर्च अभियान लगातार जारी है।

 

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!