राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए नामों का पैनल तैयार करने की कवायद शुरू - Shaurya Mail

Breaking News

राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए नामों का पैनल तैयार करने की कवायद शुरू

राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए नामों का पैनल तैयार करने की कवायद शुरू

-पैनल में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम भी हो सकता है शामिल

देहरादून। राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए तैयार होने वाले पैनल में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का भी नाम शामिल होगा। मुख्यमंत्री के पद छोड़ने के बाद से त्रिवेंद्र का संगठन में अभी तक कोई किरदार तय नहीं हो पाया है। संगठन स्तर पर राज्यसभा के प्रत्याशी चयन के लिए नामों का पैनल तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछेक दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के बीच मंत्रणा होगी, जिसमें पैनल में भेजे जाने वाले छह नाम तय किए जाएंगे। पैनल में तीन पुरुष और तीन महिला नेताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जो राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।

हालांकि सियासी हलकों में राज्य के बाहर से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं हैं। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पैनल में केवल स्थानीय नेताओं के नाम ही भेजे जाएंगे। पैनल में जिन नामों की प्रमुखता से चर्चा हो रही है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम प्रमुख है। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद से त्रिवेंद्र को अभी संगठन में कोई अहम जिम्मेदारी नहीं दी गई है। मुख्यमंत्री धामी के लिए चंपावत सीट छोड़ने वाले पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का नाम भी पैनल में शामिल हो सकता है। इस नाम की पैरवी मुख्यमंत्री की ओर से हो सकती है। तीसरा नाम संगठन से जुड़े नेताओं में से हो सकता है। इनमें प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार और वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला में से कोई एक नाम भी पैनल में शामिल हो सकता है। इनके अलावा पैनल में तीन महिलाओं के नाम भी शामिल किए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, इनमें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत, अनुसूचित जाति आयोग की पूर्व सदस्य स्वराज विद्वान और कोई अन्य सक्रिय महिला नेत्री का नाम शामिल हो सकता है। इन नामों के बीच मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद कोई अन्य नाम भी पैनल में शामिल हो सकता है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!