प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 06 मई 2026
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के संभावना है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को भी बारिश होने से पर्वतीय क्षेत्रों का तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस और मैदानी क्षेत्रों का तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।
सुबह और शाम को ठंड का अहसास
सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। देहरादून सहित आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को मौसम साफ रहा हालांकि बीच-बीच में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी होती रही। धूप निकलने के कारण दिन में कुछ गर्मी का एहसास हुआ।
बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, 6 और 7 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में हो सकती है हल्की बारिश
मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 8 से 10 मई के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रह सकती है।
11 मई के बाद बढ़ सकता है पारा
11 मई को एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावनाएं दिख रही है। हालांकि अगले एक-दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं जिससे गर्मी भी बढ़ेगी।