स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे जनसहभागिता आधारित आयोजन - Shaurya Mail

Breaking News

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे जनसहभागिता आधारित आयोजन

 स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे जनसहभागिता आधारित आयोजन

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 30 जुलाई 2026

उत्तराखंड सरकार ने 80 वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को अधिकारियों को प्रदेशभर में जनसहभागिता के साथ खेल, सांस्कृतिक, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

सचिवालय में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव बर्द्धन ने कहा कि राज्य एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के साथ रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक एवं कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल और एनसीसी बैंड के संगीतमय कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह नौ बजे और अन्य जनपदों में जिलाधिकारी कार्यालयों पर सुबह साढ़े नौ बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में भी सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम छह बजे से रात नौ बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह छह बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रदेश मुख्यालयों और जनपद मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। प्रदेश मुख्यालय में 14 अगस्त को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। सरकारी भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!