राष्ट्रपति मुर्मू आज से दो मार्च तक झारखंड और ओडिशा के दौरे पर - Shaurya Mail

Breaking News

राष्ट्रपति मुर्मू आज से दो मार्च तक झारखंड और ओडिशा के दौरे पर

 राष्ट्रपति मुर्मू आज से दो मार्च तक झारखंड और ओडिशा के दौरे पर

नई दिल्ली, बुधवार 28 फरवरी 2024

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (बुधवार) से दो मार्च तक झारखंड और ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। वो आज रांची में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। आज ही वो ओडिशा के रायरंगपुर में केंद्र सरकार के हॉलि-डे होम की आधारशिला भी रखेंगी। यह जानकारी पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने विज्ञप्ति में दी है।

पत्र सूचना कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रपति रायरंगपुर में विभिन्न सड़क परियोजनाओं तथा एक खेल परिसर की आधारशिला रखेंगी। इसके साथ ही बरसाही में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का शुभारंभ भी करेंगी। राष्ट्रपति कल (गुरुवार) क्योंझर में गोनासिका के कदलीबाड़ी गांव में पीवीटीजी के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। इसके बाद ‘क्योंझर की जनजातियों: जनसमूह, संस्कृति एवं विरासत’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति शाम को भुवनेश्वर में उत्कल विश्वविद्यालय के 53वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।

पीआईबी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू पहली मार्च को भांजा बिहार में बरहामपुर विश्वविद्यालय के 25वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद में वे कटक में ओडिशा ब्रह्माकुमारीज के स्वर्ण जयंती समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। राष्ट्रपति भुवनेश्वर स्थित राजभवन में ओडिशा सरकार द्वारा पीएम जनमन की प्रस्तुति देखेंगी। विज्ञप्ति के अनुसार, दौरे के आखिरी दिन दो मार्च को राष्ट्रपति ओडिशा के संबलपुर जिले में संथा कबी भीमा भोई से संबंधित विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगी। वे संबलपुर के मिनी स्टेडियम में महिमा पंथ के अनुयायियों से भी भेंट करेंगी।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!