विश्व पर्यटन दिवस पर राज्यपाल बोले- उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का बड़ा योगदान - Shaurya Mail

Breaking News

विश्व पर्यटन दिवस पर राज्यपाल बोले- उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का बड़ा योगदान

 विश्व पर्यटन दिवस पर राज्यपाल बोले- उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का बड़ा योगदान

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 28 सितंबर 2024

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शुक्रवार को मसूरी में विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने बर्डस इन एंड अराउंड मसूरी नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। यह पुस्तक उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी संजय कुमार ने लिखी है। इसमें उन्होंने मसूरी एवं आसपास के क्षेत्रों की 150 से अधिक पक्षियों की फोटो और जानकारियों को संकलित किया गया है।

इस मौके पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और पक्षी विविधता को पुस्तक के माध्यम से दर्शाया जाना सराहनीय है। पहाड़ों की रानी मसूरी पक्षी विविधता का भी खजाना है। जीवंत प्रवासी पक्षियों से लेकर स्थानिक प्रजातियों तक, हमारी पहाड़ियां और घाटियां प्रकृति की आवाजों से जीवंत हैं, जो स्थानीय लोगों और आगंतुकों दोनों को मंत्रमुग्ध करती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैव विविधता से समृद्ध और अद्भुत है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। लुभावने परिदृश्यों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड भारत में पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभरा है। यह उत्तराखंड की आर्थिकी का एक महत्वपूर्ण जरिया बन चुका है। इससे राज्य में सभी क्षेत्रों में आजीविका के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का बड़ा योगदान है। विश्व पर्यटन दिवस पर हमें अपनी जैव विविधता को बनाए रखते हुए पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रत्येक क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों में क्वालिटी और वैल्यू एडिशन किया जाना जरूरी है। हमें अपने अतिथि देवो भवः प्रथा को सर्वाेपरि रखना होगा।

इस अवसर पर राज्यपाल ने पोस्टल विभाग की ओर से पक्षियों पर आधारित मसूरीः पक्षियों का स्वर्ग डाक टिकट भी जारी किया। कार्यक्रम में पुस्तक के लेखक संजय कुमार ने पुस्तक के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रथम महिला गुरमीत कौर, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, निदेशक डाक सेवाएं उत्तराखंड अनुसूइया प्रसाद चमोला आदि उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!