अब उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, दिल्ली में खुलेगा स्टोर - Shaurya Mail

Breaking News

अब उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, दिल्ली में खुलेगा स्टोर

 अब उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, दिल्ली में खुलेगा स्टोर

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 15 मई 2024

अब उत्तराखंड के उत्पादों को नई पहचान मिलेगी। अम्ब्रेला ब्रान्ड हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय समूहों के उत्पादों को बाजार में उपलब्ध कराने के लिए देश की राजधानी में स्टोर को खोलने जा रहा है। एनडीएमसी ने इस सम्बन्ध में सहमति दे दी है। हाउस ऑफ़ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों का एक ब्रांड है।

मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में हाउस ऑफ हिमालया की प्रथम बोर्ड बैठक हुई। मुख्य सचिव ने बैठक के एजेण्डा पर विस्तृत चर्चा के बाद इस पर सहमति प्रदान की। इस दौरान बताया गया कि स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग/पैकेजिंग/ब्रान्डिग के लिए सबसे बड़े अम्ब्रेला ब्रान्ड के रूप में उभर रहे हाउस ऑफ हिमालय के स्टोर जल्द ही नई दिल्ली के कनॉट प्लेस और अन्य मुख्य स्थानों में खोले जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्य सचिव ने हाउस ऑफ हिमालया के तहत मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय लोगों से अधिकाधिक स्थानीय उत्पादों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखण्ड के विभिन्न विभागों की परियोजनाओं/पहल के माध्यम से प्रचलित उनके सभी ब्राण्ड्स को अम्ब्रेला ब्राण्ड के तहत लाना है। स्थानीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने, गुणवत्ता, माननीकृत पैकंजिंग, ब्राण्डिंग एवं विपणन करने में हाउस ऑफ हिमालया ग्लोबल प्लेटफॉर्म साबित होगा।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों माध्यम से स्थानीय उत्पादों की खरीद से राज्य में महिला सशक्तीकरण का एक नया अध्याय आरम्भ होगा। राज्य स्तर पर हाउस ऑफ हिमालया के रूप में कम्पनी के गठन से स्थानीय हितधारकों, स्वयं सहायता समूहों, किसानों व स्थानीय उत्पादकों की आजीविका संवर्द्धन कर उन्हें उनकी फसलों व उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

बैठक में सचिव राधिका झा,अपर सचिव मनुज गोयल,निकिता खण्डेलवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!