मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, पुतिन से भी करेंगे बात
मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, पुतिन से भी करेंगे बात
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 12वां दिन है। दुनियाभर के प्रेशर और तमाम सख्त प्रतिबंधों के बावजूद भी रूस ने हमले तेज कर दिए हैं। रूस की तरफ से रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है जिसके चलते लोगों को निकालने में दुनियाभर के देश परेशानी का सामना कर रहे हैं। आज पीएम मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात करेंगे। लेकिन इससे पहले पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के साथ फोन पर बात की है।
पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की है। दोनो के बीच फोन कॉल पर करीब 35 मिनट तक बात चीत चली है। दोनों नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा की है। प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी बातचीत की सराहना की है। पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा दी गई मदद के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने सुम्यो से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए जारी प्रयासों में यूक्रेन सरकार से निरंतर समर्थन मांगा।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 फरवरी को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात की थी। उस वक्त जेलेंस्की ने उनसे संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ भारत का समर्थन मांगा था। हालांकि भारत इस मामले में किसी भी एक पक्ष का साथ देने से बच रहा है और उसके यूएन में न्यूट्रल रूख अपना रखा है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ वोटिंग से भी भारत ने दूरी बनाई रखी है।