उत्तराखंड में भूकंप के हल्के झटकों से हिली धरती, तीव्रता 2.8 दर्ज
उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 27 अक्टूबर 2026
प्रदेश के बागेश्वर जिले में मंगलवार की शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 रही। भूकंपीय गतिविधि शाम 6 बजकर 19 मिनट 25 सेकंड पर दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग पांच किलोमीटर नीचे था। जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की भौगोलिक स्थिति 30.075 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.908 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज हुई।
प्रशासन की ओर से मिली शुरुआती जानकारी में किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
भूकंप के बाद स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।