महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में लगातार तीसरी बार बनेगी सरकार - Shaurya Mail

Breaking News

महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में लगातार तीसरी बार बनेगी सरकार

 महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में लगातार तीसरी बार बनेगी सरकार

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 06 नवंबर 2026

भाजपा ने शुक्रवार को देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर कांग्रेस और विपक्षी दलों की राजनीति पर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज समेत बड़ी संख्या में मंत्री, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने पदयात्रा में उमड़ी भीड़ को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के समर्थन का संकेत बताया।

सर्वे चौक के निकट मंगलादेवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, खजान दास, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, सौरभ बहुगुणा और प्रदीप बत्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती और विपक्ष की कथित अराजक राजनीति के खिलाफ नारे लगाए।

इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। जनता के समर्थन से भाजपा आगे बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस और विपक्षी दल लोकतांत्रिक तरीके से लगातार मिल रही हार से हताश होकर टकराव की राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सड़क पर अराजकता फैलाकर संवैधानिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। भट्ट ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक आधार सड़क पर हुए जनसंघर्षों से तैयार हुआ है। पार्टी के कार्यकर्ता संघर्ष के रास्ते आगे बढ़े हैं, इसलिए भाजपा को इस तरह की राजनीति से चुनौती नहीं दी जा सकती।

भट्ट ने कहा कि प्रदेशभर में निकाली गई पदयात्राओं में जनता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि यह जनसमर्थन वर्ष 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने का संकेत है।

पदयात्रा में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!