टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस से कुमाऊं को दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क मिला : मुख्यमंत्री धामी - Shaurya Mail

Breaking News

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस से कुमाऊं को दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क मिला : मुख्यमंत्री धामी

 टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस से कुमाऊं को दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क मिला : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 06 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के शुभारंभ और टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार को कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस का संचालन लंबे समय से क्षेत्र की मांग थी। इससे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र का महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा तथा दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और यहीं से पूर्णागिरि मंदिर तथा आदि कैलाश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा शुरू होती है। नई रेल सेवा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड के अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास कर आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

सोमवार को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है और इससे श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टनकपुर का संबंध गुरु नानक देव और गुरु हरगोबिंद की यात्राओं से जुड़ा रहा है। अब यहां के श्रद्धालु सीधे तख्त श्री हजूर साहिब पहुंच सकेंगे, जो गुरु गोबिंद सिंह से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार से क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि टनकपुर हिमालयी क्षेत्र का प्रवेश द्वार है और यहीं से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए रेल यात्रा का प्रारंभ होता है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!