भगवान पर टिप्पणी कर समाज को लड़ाने की राजनीति कर रहे खड़गे : महेंद्र भट्ट - Shaurya Mail

Breaking News

भगवान पर टिप्पणी कर समाज को लड़ाने की राजनीति कर रहे खड़गे : महेंद्र भट्ट

 भगवान पर टिप्पणी कर समाज को लड़ाने की राजनीति कर रहे खड़गे : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 03 मई 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के विवादास्पद बयान पर कहा कि देश समाज को लड़ाने की राजनीति करने वाली कांग्रेस के अध्यक्ष अब भगवान को भी आपस में लड़ाना चाहते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को एक बयान में इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से समाज को आपस में लड़कर, बांट करो और राज करो की नीति पर चलती आई है। पहले नेहरू ने पीएम बनने के लिए देश को दो टुकड़ों में बांटने पर सहमति दी। उसके बाद जब सरदार पटेल भारत को एक करने के मिशन में जुटे थे तो उन्होंने धारा 370 की दीवार खड़ी कर कश्मीर को अलग किए रखा। उनके बाद की पीढ़ियों ने देश को जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति में बांटने का काम किया। इतना ही नही कांग्रेस की वर्तमान पीढ़ी उत्तर भारत एवं दक्षिण भारत में देश का विभाजन करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र के अनुशार जाति आधारित सर्वे कराने और बहुसंख्यकवाद का विरोध कर पहले ही बता दिया था कि वह सनातन धर्म को टुकड़ों में बांटना चाहती है। स्वयं खड़गे के पुत्र प्रियांक खड़गे ने सार्वजनिक तौर पर सनातन धर्म को बीमारी बताते हुए समाप्त करने की बात कही थी। ठीक ऐसे ही सनातन धर्म को डेंगू,मलेरिया, कोरोना आदि से तुलना करते हुए,समूल नष्ट करने की सोच रखने वाले इंडी गठबंधन के बयानों से मीडिया भरा पड़ा है।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का प्रभु श्री राम और शिव को आपस में लड़ने का बयान उनकी पार्टी की सोच को और अधिक स्पष्ट रूप में उजागर करता है। भगवान श्री राम के अस्तित्व को नकारने और सनातन संस्कृति का अपमान करने वाली पार्टी का असली चेहरा एक बार फिर सबके सामने है।

महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की देशवासियों और भगवान को लड़ाने वाली इस नीति के पीछे उद्देश्य स्पष्ट है, सनातन संस्कृति और राष्ट्रीयता की भावना को कमजोर करना है। जिसका जवाब देश की 140 करोड़ जनता,लगातार लोकसभा चुनाव के विभिन्न चरणों में मोदी के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान के साथ दे रही है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!