अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से उत्तराखंड बनेगा साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड(गदरपुर),शनिवार 13 जून 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित ‘अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता’ की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से उत्तराखंड साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों और साहसिक खेलों के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़े खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और वैश्विक मंच पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।