निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण कर परखी कार्यों की प्रगति, दिए आवश्यक निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण कर परखी कार्यों की प्रगति, दिए आवश्यक निर्देश

 निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण कर परखी कार्यों की प्रगति, दिए आवश्यक निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 04 अगस्त 2024

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही 15 अक्टूबर तक किसी भी हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा।

सैनिक कल्याण मंत्री ने निर्माणाधीन सैन्यधाम में म्यूजियम, ऑडिटोरियम और जहां शहीदों के नाम अंकित किए जाने है, उनके निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दिन-रात कार्य कराने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत में मंत्री जोशी ने कहा कि सैन्यधाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शीघ्र ही सैन्यधाम प्रदेश की जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का पंचम धाम सैन्यधाम प्रदेश की जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। देश भर के स्मारकों के अध्ययन के बाद सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। सैन्यधाम में 1734 शहीद जवानों के आंगन की मिट्टी और प्रदेश की 28 पवित्र नदियों का जल अमर जवान ज्योति के मुख्य स्तंभ में प्रतिस्थापित की गई है। इसके अलावा सैन्यधाम में लाइट एंड साउंड शो, म्यूजियम व ऑडिटोरियम टैंक, जहाज और 120 फीट ऊंचा तिरंगा झंडे के साथ अन्य सैन्य उपकरण रखे जाएंगे।

भावी पीढ़ी सैन्यधाम से शहीदों को याद कर युगों-युगों तक ले सकेगी प्रेरणा

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना में जिन दो सैनिकों की पूजा की जाती है, उन बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह का मंदिर निर्माण सैन्यधाम में किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि देश के प्रथम सीडीएस स्व. जनरल बिपिन रावत के नाम पर सैन्यधाम का मुख्य गेट बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सैन्यधाम शहीदों के प्रति सम्मान का एक उत्कृष्ट उदाहरण होगा। इससे भावी पीढ़ी युगों-युगों तक इन शहीदों को याद कर प्रेरणा ले सकेगी।

इस दौरान सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र चौधरी, कार्यदायी संस्था पेयजल एमडी रणवीर सिंह चौहान, सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर अमृत लाल, उप निदेशक कर्नल एमएस जोधा, संयुक्त सचिव सुनील सिंह, परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार, योगेश कुमार आदि उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!