चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य विभाग की सख्ती का असर, 72 नमूने अधोमानक - Shaurya Mail

Breaking News

चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य विभाग की सख्ती का असर, 72 नमूने अधोमानक

 चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य विभाग की सख्ती का असर, 72 नमूने अधोमानक

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 08 जून 2024

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आयुक्त डॉ आर राजेश कुमार ने कहा पिछले 12 दिनों में यात्रा मार्ग हरिद्वार-ऋषिकेश से केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के मार्गों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों आदि से कुल 601 नमूने लिए गए। मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची गई। इनमें से 72 नमूने (लगभग 12 प्रतिशत) परीक्षण में मानकों के अनुरूप सही नहीं (अधोमानक) पाए गए।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आयुक्त डॉ.आर राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के दिशा निर्देशों में चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही विभाग ने व्यापक तैयारियां कर ली थी। पिछली यात्राओं से मिले फीडबैक को इस बार की चारधाम यात्रा में शामिल किया गया। इसको लेकर मुख्यालय स्तर से लेकर जनपदस्तर तक व्यापक तैयारियां की गई। रूद्रपुर और देहरादून में हाईटेक लैब होने से जांच में तेजी आई है। जांच में दोषी पाये जाने पर संबधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिसका असर मिलावटखोरों में भी देखने को मिल रहा है।

आयुक्त ने बताया कि इस बार खाद्य विभाग ने यात्रा शुरू होने से पहले ही दो हजार से अधिक स्ट्रीट वेन्डरों को राज्य के विभिन्न जनपदों में प्रशिक्षित करने का काम किया। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसका असर इस बार देखने को मिल रहा है। अगर हम पिछले 12 दिनों से चल रहे विशेष अभियान की बात करें तों खानपान की सामग्री में मिलावट प्रिछले साल की अपेक्षा कम पाई गई है।

डॉ आर राजेश कुमार ने बताया कि इसके साथ ही जनवरी 2024 से मई 2024 तक 1763 नमूने लिये जा चुके हैं। जिनमें से प्राप्त जॉच रिपोर्ट 1040 हैं और अधोमानक नमूनो की संख्या 60 है। जांच में दोषी पाये जाने वालों के विरूद्व विभागीय कार्रवाई के साथ ही मुकदमें दर्ज किये जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पदों,खाद्य तेल,मसाले निर्माण इकाईयों का समय-समय पर निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पर दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही फलों पर भी नजर रखी जा रही है। विभिन्न मंडियों से फलों के सैंपल लेकर लैब में उनकी जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी जागरूक होने की अपील की और किसी भी तरह की समस्या या शिकायत के लिए विभागीय टोल फ्री नम्बर 180018004246 पर जानकारी देने की बात कही।

आयुक्त ने कहा खाद्य पदार्थों के साथ ही औषधि,मेडिकल उपकरण और कास्मेटिक उत्पादों के सैंपल लेकर उसकी भी जांच की जा रही है। देहरादून में बनी हाईटेक लैब में अत्याधुनिक मशीनों जांचें हो रही है। लैब की क्षमता 3000 सैंपलिंग की है। लैब में अब तक 2000 से अधिक जांच हो गयी हैं। लैब में ड्रग्स, टेबलेट, कप सिरप मसलन ओरल लिक्विड, मेडिकल डिवाइस और कास्मेटिक उत्पादों के सैपंलिंग की जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि विभाग ने नकली दवा कंपनियों पर कार्रवाई करते हुए विगत 03 साल में 72 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं इनमें से 32 लोग जेल जा चुके हैं। लैब में आनलाइन सर्टिफिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!