उत्तराखंड के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट - Shaurya Mail

Breaking News

उत्तराखंड के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 उत्तराखंड के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 18 जुलाई 2026

उत्तराखंड में आज देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। हालांकि श्रीनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रामनगर बैराज के लिए बाढ़ पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं अत्यंत तीव्र बारिश के दौर और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।

शनिवार को राजधानी देहरादून समेत राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान पर घने काले बादल छाए हैं और कई स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में दिनभर आंशिक से घने बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर पड़ने और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की शनिवार सुबह 10 बजे जारी दैनिक जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार भागीरथी, अलकनंदा, पिंडर, मंदाकिनी, गंगा, नयार और काली सहित सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे हैं। श्रीनगर, जोशीमठ, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार समेत विभिन्न गेज स्टेशनों पर जलस्तर में सामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।

एसईओसी ने केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के आधार पर संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पिछले 24 घंटों में बनबसा में 88.0 मिमी, जौलीग्रांट में 80.6 मिमी, खटीमा में 66.0 मिमी और मोहकमपुर में 42.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। स्वचालित मौसम केंद्रों के अनुसार हाथीबड़कला में 72.5 मिमी, जौलीग्रांट में 70.0 मिमी, मालदेवता में 61.0 मिमी और देहरादून में 34.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!