अगले 24 घंटे हीट वेव का अलर्ट, बच्चे-बुजुर्ग और कामकाजी लोग बरतें विशेष सावधानी - Shaurya Mail

Breaking News

अगले 24 घंटे हीट वेव का अलर्ट, बच्चे-बुजुर्ग और कामकाजी लोग बरतें विशेष सावधानी

 अगले 24 घंटे हीट वेव का अलर्ट, बच्चे-बुजुर्ग और कामकाजी लोग बरतें विशेष सावधानी

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 21 मई 2026 

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव के प्रभाव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना को देखते जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है तथा चिकित्सकों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल तथा उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम निर्देशक सी.एस. तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।

राजधानी देहरादून में विगत बुधवार सुबह से ही तेज गर्मी और बढ़ते तापमान का असर महसूस किया गया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को छाते या कपड़े से ढकें तथा चेहरे को मास्क या सूती कपड़े से सुरक्षित रखें।

डॉ. झा ने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और अन्य पानी युक्त फलों का सेवन लाभकारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम चिकित्सालय में संपर्क करना चाहिए, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।

जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं। प्रशासन का कहना है कि सावधानी और जागरूकता से ही हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर हीट वेव से संबंधित सहायता एवं शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!