Breaking News

गुजरात चुनाव:5 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए 93 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी।

 गुजरात चुनाव:5 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए 93 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी।

गुजरात में दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार खत्म हो गया है। दूसरे चरण में 93 सीटों पर प्रचार समाप्त हो गया है। 5 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए 93 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी। इसको लेकर अब मतदान की तैयारियां शुरू हो गई है। दूसरे चरण में गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि दूसरे चरण के मतदान में 61 राजनीतिक पार्टियों के 883 उम्मीदवार भाग ले रहे हैं। गुजरात की मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी भारती ने कहा कि इसमें कुल मतदाता 2,51,58,730 हैं जिसमें से पुरुष मतदाता 1,29,26,501 हैं,महिला मतदाता 1,22,31,335 हैं और अन्य मतदाता 894 हैं। मतदान के लिए 26,409 मतदान केंद्र हैं।

पी भारती ने आगे बताया कि हम इसमें 37,432 बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट 36,157 और VVPAT 40,066 इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान कर्मचारियों की संख्या 1,13,325 हैं। आपको बता दें कि गुजरात में पहले चरण का चुनाव 1 दिसंबर को ही खत्म हो गया है। 1 दिसंबर को 89 सीटों पर वोटिंग हुई थी। गुजरात चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। गुजरात में भाजपा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच मुख्य रूप से मुकाबला है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी अपनी ताकत झोंकी है। पिछले 27 सालों से सत्ता में काबिज भाजपा की ओर से जबरदस्त तरीके से प्रचार किया गया है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में 31 से ज्यादा जनसभाओं को संबोधित किया जबकि तीन मेगा रोड शो भी किया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी भाजपा ने अपनी पूरी ताकत दिखाई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आज चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। गुजरात में इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की संभावनाएं जताई जा रही है।

पिछले चुनाव में पाटीदार आंदोलन की वजह से भाजपा के लिए राह थोड़ी कठिन हो गई थी। हालांकि, इस बार भी पाटीदार समुदाय निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। पाटीदारों को साधने की कोशिश में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों लगे है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रचार किया। वहीं, आम आदमी पार्टी के लिए अरविंद केजरीवाल मनीष सिसोदिया और भगवंत मान जैसे नेता लगातार चुनावी प्रचार करते रहे। कांग्रेस की ओर से भी गुजरात में ताकत दिखाई गई है। हालांकि, उसके बड़े नेता प्रचार से दूर रहें। लेकिन जमीन पर उसके नेताओं ने जबरदस्त तरीके से मेहनत की है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!