जीएसटी को "एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार" की अवधारणा को साकार करने वाला ऐतिहासिक कर सुधार बताया गया - Shaurya Mail

Breaking News

जीएसटी को “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को साकार करने वाला ऐतिहासिक कर सुधार बताया गया

 जीएसटी को “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को साकार करने वाला ऐतिहासिक कर सुधार बताया गया

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 01 जुलाई 2026

केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर आयुक्तालय, देहरादून द्वारा वस्तु एवं सेवा कर के सफलतापूर्वक नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आईआरडीटी सभागार, देहरादून में जीएसटी दिवस–2026 का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जीएसटी दिवस देशभर में “सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत” थीम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पिछले नौ वर्षों के दौरान जीएसटी व्यवस्था के माध्यम से कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाने, व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने तथा सहकारी संघवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में हुई उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड शासन के सचिव (वित्त) श्री दिलीप जावलकर ने अपने संबोधन में जीएसटी को देश की कर व्यवस्था में एक ऐतिहासिक सुधार बताते हुए कहा कि इसने “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण एवं समाधान” के विजन का उल्लेख करते हुए करदाताओं एवं कर प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने सभी हितधारकों से पिछले नौ वर्षों की निष्ठा, तत्परता एवं प्रतिबद्धता को आगे भी बनाए रखने का आह्वान किया।

अपने स्वागत संबोधन में सीजीएसटी आयुक्त, देहरादून डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने राजस्व संग्रहण में केंद्र एवं राज्य जीएसटी प्रशासन के उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की तथा राष्ट्र निर्माण एवं राजस्व संवर्धन में करदाताओं द्वारा स्वैच्छिक कर अनुपालन के माध्यम से दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की। इस अवसर पर जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण, देहरादून के तकनीकी सदस्य श्री अमंद शाह तथा न्यायिक सदस्य श्री राजेश जैन ने जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण के कार्यारंभ की जानकारी देते हुए करदाताओं से अपनी अपीलें जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण, देहरादून में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कर अनुपालन, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान तथा राजस्व संवर्धन में उल्लेखनीय भूमिका के लिए एम/एस अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, रुड़की, एम/एस नेस्ले इंडिया लिमिटेड, रुद्रपुर तथा एम/एस भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, हरिद्वार को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में सुश्री लक्ष्मी मिश्रा के नेतृत्व में जे.एम.एस. संगीत अकादमी के वरिष्ठ कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त आयुक्त सुश्री श्रिया गुप्ता ने सभी अधिकारियों, हितधारकों, व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत के साथ प्रारंभ हुआ कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!