त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी - Shaurya Mail

Breaking News

त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

 त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 25 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीद से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ महिलाओं की आजीविका भी मजबूत होती है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान करती है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती दी जा सकती है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!