शिक्षा मंत्री ने नि:शुल्क नोटबुक वितरण योजना का शुभारंभ किया - Shaurya Mail

Breaking News

शिक्षा मंत्री ने नि:शुल्क नोटबुक वितरण योजना का शुभारंभ किया

 शिक्षा मंत्री ने नि:शुल्क नोटबुक वितरण योजना का शुभारंभ किया

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 15 जुलाई 2026

उत्तराखंड सरकार की ‘गेम चेंजर योजना’ के तहत संचालित निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना का शुभारंभ मंगलवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड में किया। इस योजना के तहत प्रदेशभर में लगभग 35 लाख और देहरादून जनपद में करीब 4.70 लाख नोटबुक विद्यार्थियों को वितरित की जायेगी।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों को एक-एक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को तीन-तीन और कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच-पांच नोटबुक उपलब्ध कराई जायेगी।

शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत ने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाथीबड़कला की छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की।

इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी,माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी,मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता बौड़ाई सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!