मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया

 मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया

उत्तराखंड(टिहरी गढ़वाल),गुरुवार 04 जून 2026

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु और नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और स्थानीय आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने बजरंग सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना के सुरक्षा मानकों और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री तथा परियोजना के वित्तीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इकाई को रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ के माध्यम से एक लाख रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ है।

मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास व्यापक वृक्षारोपण करने और मेनू को स्पष्ट एवं आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाकर क्षेत्रीय विकास को नई गति दी जाएगी।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!