मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम में अस्पताल का किया लोकार्पण, बोले-श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम में अस्पताल का किया लोकार्पण, बोले-श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

 मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम में अस्पताल का किया लोकार्पण, बोले-श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

उत्तराखंड(रुद्रप्रयाग),शुक्रवार 08 मई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम में अस्पताल का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थापित यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी की ओर से संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। इससे स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में केदारनाथ से विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बद्री केदार उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मेंखडी, महा मंत्री अकिंत सेमवाल, संजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी, केशव बहुगुणा, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिक तोमर, उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, कर्नल अजय कोटियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!