नंदा देवी महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने की मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना - Shaurya Mail

Breaking News

नंदा देवी महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने की मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना

 नंदा देवी महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने की मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना

उत्तराखंड(नैनीताल),मंगलवार 22 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने श्री नयना देवी मंदिर पहुंचे। महोत्सव के समापन से एक दिन पूर्व पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में हनुमान जी की प्रतिमा, मां नयना देवी तथा मां नंदा-सुनंदा की विशेष पूजा-अर्चना की। पंडित भगवती प्रसाद जोशी ने पूजन संपन्न कराया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने माता नंदा-सुनंदा के पास से ही उपस्थित लोगों को माइक से संबोधित करते हुए कहा कि भगवत कृपा के बिना देवों के दर्शन संभव नहीं हैं। आज वह भी भगवत कृपा से यहां पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को बड़ी परियोजनाएं मिल रही हैं और बेहतर सड़क संपर्क से तीर्थयात्रा सहित आम जन की यात्रा सुगम हो रही है। उनके अनुसार कैंची धाम, चंपावत और आदि कैलाश में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए बाइपास बन रहा है।

आदि कैलाश में पहले वर्ष भर में 500 लोग पहुंचते थे, जबकि उन्होंने इस वर्ष अब तक 50 हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यों के साथ किच्छा में एम्स के उपग्रह केंद्र, पंतनगर हवाई अड्डे को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित किये जाने, 50 वर्ष से लंबित बलियानाला और जमरानी बांध से जुड़े कार्यों के वर्तमान में होने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, रोजगार, अतिक्रमण हटाने, मदरसा बोर्ड समाप्त करने, स्वयं सहायता समूहों को ब्याजमुक्त ऋण और ‘लखपति दीदी’ योजना सहित सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाएं पारंपरिक उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं तथा राज्य में पर्यटन और फिल्म निर्माण को भी बढ़ावा मिल रहा है। दावा किया कि उनके समय में 35 हजार नौकरियां पूरी पारदर्शिता के साथ दी गयी हैं, और 3.1 लाख लखपति दीदियां बनी हैं। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, भाजपा नेता अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, मनोज जोशी और गिरीश जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!