मुख्यमंत्री धामी ने ‘सेवा विधि’ पुस्तक का विमोचन किया, बोले- सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से करें जनसेवा - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने ‘सेवा विधि’ पुस्तक का विमोचन किया, बोले- सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से करें जनसेवा

 मुख्यमंत्री धामी ने ‘सेवा विधि’ पुस्तक का विमोचन किया, बोले- सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से करें जनसेवा

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 23 जुलाई 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ राज्य के विकास में योगदान दे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं व्यवहारिक मार्गदर्शिका बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुचारू प्रशासन के लिए नियमों और प्रक्रियाओं की सही जानकारी आवश्यक है। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद अब तक ऐसी कोई पुस्तक उपलब्ध नहीं थी, जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े नियम, संवैधानिक प्रावधान, शासनादेश और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय एक ही स्थान पर सरल एवं व्यवस्थित रूप में संकलित हों।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, सेवा नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी देकर अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ दायित्व निर्वहन में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है। शासन व्यवस्था में तकनीक के व्यापक उपयोग, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और त्वरित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास का आधार संवेदनशील, सक्षम और उत्तरदायी प्रशासनिक तंत्र होता है।

उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि जनता का जीवन सरल बनाना है। सरकार का मूल मंत्र सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि है, जिसके अनुरूप प्रशासन को कार्य करना चाहिए।

पुस्तक के लेखक एवं पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने कहा कि पुस्तक में सरकारी सेवाओं से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों, अधिनियमों, सेवा नियमों, शासनादेशों तथा उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों का समावेश किया गया है। इसमें नियुक्ति, आरक्षण, परिवीक्षा, स्थायीकरण, ज्येष्ठता, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा निवृत्ति, अवकाश, राजभाषा अधिनियम सहित विभिन्न विषयों का विस्तृत विवरण दिया गया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, रमेशचंद्र शर्मा, हंसा दत्त पांडेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तड़ानी सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!