मुख्यमंत्री धामी ने जन समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने जन समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

 मुख्यमंत्री धामी ने जन समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है। सभी अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें और जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल हल किया जाए, जबकि उच्च स्तर के मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को भेजा जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर भी जोर दिया, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिल सके।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!