मुख्यमंत्री धामी ने विधायकों के प्रस्तावों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की दी स्वीकृति - Shaurya Mail

Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने विधायकों के प्रस्तावों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की दी स्वीकृति

 मुख्यमंत्री धामी ने विधायकों के प्रस्तावों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की दी स्वीकृति

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 27 दिसंबर 2023

मुख्यमंत्री ने भीमताल, काशीपुर और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के योजना प्रस्तावों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से ऊधमसिंह नगर में 11 मई 2023 को नैनीताल लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विधानसभा क्षेत्र भीमताल, काशीपुर एवं रुद्रपुर के विधायकों की ओर से अपने क्षेत्र से सम्बन्धित विकास कार्यों के प्रस्तावों को मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराये गये थे। शासन स्तर पर इस प्रस्तावों पर सम्यक विचारोपरांत इन्हें मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने के लिये मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने जिन प्रस्तावों को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित करने की स्वीकृति प्रदान की है। उनमें भीमताल विधानसभा क्षेत्र के काठगोदाम से खनस्यू मीडार मोटर मार्ग का आवश्यकतानुसार संरेखन, चौड़ीकरण व डामरीकरण कार्य, काशीपुर विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत काशीपुर-रामनगर रोड़ से काशीपुर-रुद्रपुर रोड़ तक द्वोणसागर नगर के ऊपर टू-लेन बाइपास रोड लम्बाई 3.90 किलोमीटर का कार्य, लोक निर्माण काशीपुर द्वारा 10 सड़कों के लिए 420.49 लाख लागत के मोटर मार्गों के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित किये जाने, काशीपुर में जैतपुर-धनौरी मार्ग के 10 व 11 के 02 किमी मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त भाग का पुनर्निर्माण के साथ ही काशीपुर की सड़कों के निर्माण हेतु 05 सड़कों लागत 599.97 लाख के कार्यों की स्वीकृति शामिल है।

मुख्यमंत्री धामी ने इसके साथ ही रुद्रपुर विधान सभा के अंतर्गत रुद्रपुर शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार कर चरणबद्ध रूप से निर्माण कराये जाने और उत्तराखंड प्रवेश पर सुन्दर स्वागत द्वार का निर्माण एवं एनएच 87 मुख्य मार्ग का सिडकुल तक सौंदर्यीकरण के साथ मोदी मैदान में स्टेडियम (इन्डोर व आउटडोर) का प्रस्ताव तैयार कर चरणबद्ध रूप से निर्माण कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने के लिए स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री की ओर से रुद्रपुर में जल भराव व गंदगी की समस्या के समाधान के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर’ चरणबद्ध रूप से कराये जाने संबंधी कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की है।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!