भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बने कांवड़िया, हरकी पैड़ी से ऋषिकेश तक करेंगे 26 किमी की पदयात्रा - Shaurya Mail

Breaking News

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बने कांवड़िया, हरकी पैड़ी से ऋषिकेश तक करेंगे 26 किमी की पदयात्रा

 भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बने कांवड़िया, हरकी पैड़ी से ऋषिकेश तक करेंगे 26 किमी की पदयात्रा

उत्तराखंड(हरिद्वार),शुक्रवार 07 अगस्त 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की, पवित्र गंगाजल भरा और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर की ओर लगभग 26 किलोमीटर की पदयात्रा पर रवाना हुए।

यात्रा के दौरान उनके साथ भाजयुमो के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शिवभक्त भी मौजूद रहे। हरकी पैड़ी क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कांवड़ यात्रा दुनिया की सबसे बड़ी युवा भागीदारी वाली आस्था यात्रा है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु बिना किसी औपचारिक निमंत्रण, जाति-भेद या सामाजिक विभाजन के केवल श्रद्धा और भक्ति भाव से शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत से होने के बावजूद लंबे समय से उनकी इच्छा कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनने की थी, जो इस सावन में पूरी हुई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका हरिद्वार आगमन किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि एक सामान्य शिवभक्त के रूप में है। उन्होंने देश के युवाओं से सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक धरोहरों से जुड़ने का आह्वान किया।

तेजस्वी सूर्या ने बताया कि यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा तथा ऋषिकेश के स्वर्ग आश्रम में गंगा तट पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विश्व पटल पर भारत की पहचान को और मजबूत करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि तेजस्वी सूर्या वर्तमान में बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। पेशे से वकील रहे सूर्या लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हैं।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!