भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने पर मंथन
उत्तराखंड(हल्द्वानी),गुरुवार 26 फरवरी 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नैनीताल जिला की ओर से गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण योजना बैठक का भव्य आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सामूहिक रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
फूलदेई बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ प्रदेश सह-संयोजक एवं मुख्य वक्ता प्रदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट और जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदेमातरम् गान के साथ किया।बैठक में जिले के सभी 25 मंडलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता प्रदीप बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से देश निर्माण ही इस प्रशिक्षण अभियान का मूल उद्देश्य है।
सशक्त और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की आधारशिला होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में अनुशासन, संगठनात्मक कौशल, विचारधारा की स्पष्टता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने मंडल प्रभारियों एवं मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण महाअभियान को मिशन मोड में लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मंडल प्रशिक्षण टोली का गठन कर कार्यशालाओं को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया जाए।
अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री रंजन बर्गली ने योजना बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन की भावी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ कार्यशालाओं को सफल बनाने का आग्रह किया।
सात मार्च से मंडलों में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला:
कार्यशाला में बताया गया कि 7 मार्च से 10 अप्रैल के मध्य जिले के सभी 25 मंडलों में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक कार्यशाला में सात निर्धारित विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। जिला प्रशिक्षण वक्ता मंडल स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं को इन विषयों पर मार्गदर्शन देंगे, जिससे संगठनात्मक कार्यों में एकरूपता और दक्षता आएगी।
बैठक में नैनीताल विधायक सरिता आर्या, प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, श्रीमती गीता ठाकुर, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्या, श्रीमती रेनु अधिकारी, नवीन वर्मा, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, जिला सह-संयोजक दयाकिशन पोखरिया, प्रगति जैन, नितिन राणा, मंडल अध्यक्ष सुरेश गौड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।