16 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान - Shaurya Mail

Breaking News

16 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान

 16 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान

उत्तराखंड(हल्द्वानी),मंगलवार 08 सितंबर 2026

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को हल्द्वानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।महेंद्र भट्ट के अनुसार उत्तराखंड में यह अभियान 16 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा।

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी संगठन के स्तर पर मंडल और बूथ तक कार्यक्रमों को पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन भी है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत एक दिन पहले करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती भी है। इस अवसर पर श्रमिकों, कारीगरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों के सम्मान एवं सेवा से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 9 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। प्रदेश कार्यसमिति में संगठन से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला सोशल मीडिया संयोजक नितिन राणा, जिला प्रभारी विवेक सक्सैना, मीडिया संपर्क विभाग का प्रदेश सह संयोजक भुवन जोशी व दायित्वधारी दिनेश आर्य मौजूद थे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!