भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को बांधी राखी - Shaurya Mail

Breaking News

भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को बांधी राखी

 भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को बांधी राखी

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 27 अगस्त 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को राखी बांधकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।

रुचि भट्ट ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सम्मान का पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहनों के शुभकामनाओं और आशीर्वाद से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत निश्चित है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं की भूमिका केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज के सशक्तीकरण में भी महिला शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बेटियों के हित में काम कर रही है।

महेंद्र भट्ट ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा संगठन में महिला शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, महिला सशक्तीकरण और उत्तराखंड के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, राज्य बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, गीता रावत, ज्योति कोटिया, अनुराधा वालिया और महिला मोर्चा की महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rakesh Kumar Bhatt

https://www.shauryamail.in

Related post

error: Content is protected !!